नई दिल्ली, 24 अक्टूबर।
पश्चिमी जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड ने ओडिशा, बिहार और दिल्ली में फैले अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 26.466 किलो गांजा, एक ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को ख्याला इलाके में सर्विस रोड पर गश्त के दौरान टीम ने ई-रिक्शा में जा रहे चंदन कुमार (22) को रोका। तलाशी में ई-रिक्शा से 16.906 किलो गांजा मिला। पूछताछ के बाद उसकी किराए की झुग्गी जे.जे. कॉलोनी, ख्याला से 5.354 किलो गांजा और बरामद हुआ। इस संबंध में थाना ख्याला में FIR No. 445/26 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में चंदन ने बताया कि गांजा ओडिशा से कूरियर के जरिए मंगवाया जाता था। इस नेटवर्क को बिहार से नितेश कुमार उर्फ निलेश (25) चला रहा था। आरोपी साड़ी के बॉक्स, साउंड बॉक्स और RO-प्यूरिफायर के कार्टन में गांजा छिपाकर कूरियर से दिल्ली भेजते थे। पार्सल पर जानबूझकर अधूरा पता लिखा जाता था ताकि कूरियर वाले दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करें।
इसी जानकारी पर टीम ने 17 अक्टूबर को नितेश को बिहार से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 20 अक्टूबर को तीसरे आरोपी विक्की कुमार (22) को विष्णु गार्डन, ख्याला के एस-ब्लॉक के पास से पकड़ा गया, जब वह RO कार्टन में आया 4.206 किलो गांजा का पार्सल लेने पहुंचा था।
यह कार्रवाई DCP हर्षेश्वर वी. स्वामी के निर्देशन में ACP ऑपरेशंस राजेश कुमार के मार्गदर्शन और इंस्पेक्टर अमित धानी के नेतृत्व में की गई। टीम में SI संदीप दलाल, SI चंद्रशेखर सहित 13 पुलिसकर्मी शामिल थे।
तीनों आरोपी वैशाली, बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस कूरियर कंपनी की भूमिका और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।