दिल्ली में ऑपरेशन कवच-10′ के नाम से चलाए गए अभियान के तहत अब तक 120 अपराधियों को किया गया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने त्योहारी सीजन से पहले नशे और संगठित अपराध के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। ‘ऑपरेशन कवच-10’ के नाम से चलाए गए इस अभियान के तहत 120 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

‘ऑपरेशन कवच’ संगठित अपराध के खिलाफ मई 2023 से शुरू किए गए एक बड़े अभियान का हिस्सा है। इसका मकसद छोटे ड्रग्स तस्करों से लेकर बड़े माफियाओं तक को कानून के शिकंजे में लाना है।

विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध शाखा) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली पुलिस के ‘ऑपरेशन कवच-10’ में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई। छापे की कार्रवाई 20 सितंबर की शाम 6 बजे से 21 सितंबर की शाम 6 बजे तक जारी रही। इस दौरान दिल्ली के 15 जिलों में 1140 पुलिस टीमों की ओर से 2003 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इसमें 120 नारको अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

ये गिरफ्तारियां 96 एनडीपीएस मामलों में की गईं। इसके साथ ही पुलिस ने 158.9 ग्राम हेरोइन, 40.276 किलोग्राम गांजा, 108 ग्राम कोकेन और 21,08,400 रुपये नकद बरामद किए हैं। विशेष पुलिस आयुक्त (क्राइम ब्रांच) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस ‘नशामुक्त भारत’ के लक्ष्य को पूरा करने के लिए नशे की तस्करी पर लगातार लगाम कस रही है।

इस साल 2025 में 15 सितंबर तक 1674 एनडीपीएस मामलों में 2163 अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं। इन अपराधियों से 55.786 किलो हेरोइन, 4559.804 किलो गांजा, 34.721 किलो चरस, 4.397 किलो कोकेन आदि बरामद की गई है। छापेमारी में 269 दिल्ली आबकारी अधिनियम के मामले दर्ज किए गए। इसमें 269 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 337 शराब की बोतलें, 33,310 क्वार्टर, 115 बियर की बोतलें और 278 बियर के डिब्बे जब्त किए।

पुलिस की ओर से साझा की गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, 1507 लोग सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने के आरोप में पकड़े गए। इसके अलावा 115 आर्म्स एक्ट मामलों में 117 लोग गिरफ्तार किए गए। इनसे 2 पिस्तौल, 16 देसी कट्टे, 23 जिंदा कारतूस और 95 चाकू बरामद हुए। जुआ अधिनियम के 192 मामलों में 358 लोग पकड़े गए। इनसे 3,98,806 रुपये नकद बरामद किए गए।

26 भगोड़े अपराधी और 24 वाहन चोर गिरफ्तार किए गए। इनसे 50 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। आर्म्स एक्ट के तहत 115 मामलों में 117 लोग गिरफ्तार किए गए। इनसे 2 पिस्तौल, 16 देसी कट्टे, 23 जिंदा कारतूस और 95 चाकू बरामद किए गए। सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत 4274 पर एक्शन हुआ। इसमें 1,22,380 सिगरेट और 323 ई-सिगरेट जब्त की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *