दिल्ली के उत्तर जिले की रूप नगर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुणशेखर (42) और गोकुल एम (27) के रूप में हुई है। दोनों तिरुचिरापल्ली, तमिलनाडु के रहने वाले हैं।
यह गिरोह तमिलनाडु से ट्रेन से दिल्ली आता था। दिन में सड़क किनारे खड़ी कारों के शीशे लोहे के औजार से तोड़कर लैपटॉप, मोबाइल व अन्य कीमती सामान चोरी करता था और रात में दिल्ली से आगरा तक बसों में घूमकर सोता था। पुलिस से बचने के लिए ये आपस में मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी नहीं करते थे। सभी सदस्य निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की एक चाय की दुकान पर तय समय पर मिलते थे। वारदात के बाद वापस ट्रेन से अपने गांव लौट जाते थे।
09.07.2026 को अधिवक्ता राजेश कुमार ने कमला नगर में अपनी कार का शीशा तोड़कर iPad चोरी होने की E-FIR दर्ज कराई थी।
एसएचओ रमेश कौशिक के नेतृत्व और एसीपी राजेंद्र प्रसाद के निर्देशन में SI हर्षित अपूर्वा, SI विनोद वालिया और टीम ने CCTV फुटेज और FRS सिस्टम की मदद से आरोपियों की पहचान की। 02.08.26 को कमला नगर में जाल बिछाकर दोनों को दबोचा गया।
आरोपियों के पास से 4 लैपटॉप, 3 लैपटॉप चार्जर और 1 सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गैंग का सरगना दीपक उर्फ कार्तिक है। पुलिस फरार साथियों की तलाश कर रही है।
इस गिरफ्तारी से 4 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।