विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
डीसी एवं प्रधान, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, झज्जर स्वप्निल रविन्द्र पाटिल के कुशल मार्गदर्शन में अरावली पावर कंपनी लिमिटेड, झज्जर तथा भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम, नई दिल्ली के सहयोग से जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंगों की जांच-मापतौल हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 13 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक जिला रेडक्रॉस भवन झज्जर में आयोजित होगा। इस शिविर का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत नि::शुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बन सकें और उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार हो। शिविर में दिव्यांगजनों को नि:शुल्क सहायक उपकरण प्राप्त करने के लिए यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड तथा आय प्रमाण पत्र (मासिक आय 22 हजार पांच सौ रुपये या उससे कम) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधार कार्ड आयु 60 वर्ष या उससे अधिक तथा आय प्रमाण पत्र होना आवश्यक है।