विशेष संवाददाता चिमन लाल
नागरिक पारदर्शी एवं उत्तरदायी प्रशासन स्थापित करने में सतर्क सेवा का करें अधिकतम उपयोग
रोहतक,
हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो रोहतक मंडल के पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने बताया कि ब्यूरो द्वारा जनता को भ्रष्टाचार से संबंधित आवश्यक जानकारियां उपलब्ध करवाने के लिए एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट (सतर्क) लांच किया गया है। ब्यूरो की यह पहल हरियाणा सरकार की पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति को दर्शाती है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई जा रही जीरो टॉलरेंस की नीति को सफल बनाने के लिए भ्रष्टाचार से संबंधित मामलों की शिकायत करें। नागरिक भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1800-180-2022, व्हाट्सएप नंबर 94178-91064, ईमेल आईडी एसीबी ऐट द रेट एचआर वाई डॉट एनआईसी डॉट आईएन के अलावा ब्यूरो के पंचकुला स्थित मुख्यालय एवं रोहतक मंडल कार्यालय में की जा सकती है। ब्यूरो द्वारा शुरू की गई व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा नागरिकों को ब्यूरो की कार्यप्रणाली एवं प्रक्रियाओं से जुड़ी जानकारी सरल व सुरक्षित माध्यम प्रदान करती है।
चैटबॉट तक ऐसे पहुंचे नागरिक
पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने बताया कि कोई भी व्यक्ति निर्धारित क्यूआर कोड स्कैन करके अथवा वेबसाइट पर जाकर इस चैटबॉट तक पहुंच सकता है। सतर्क चैटबॉट नागरिकों को स्टेप बाई स्टेप मार्गदर्शन देगा और आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाएंगा। विशेष रूप से एआई आधारित व्हाट्सएप चैटबॉट (सतर्क) हिन्दी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है और पूरी तरह से उपयोगकर्ता के अनुकूल है, जिससे नागरिक आसानी से चला सकेंगे। यह सेवा शुरू करने का उद्देश्य है कि सरकारी कार्य बिना किसी बाधा रूकावट के सुचारू रूप से हो सके और किसी भी नागरिक का शोषण न हो।
नागरिक सतर्क सेवा का करें अधिकतम उपयोग
रोहतक मंडल के पुलिस अधीक्षक विजय सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क सेवा का अधिकतम उपयोग करें और पारदर्शिता एवं उत्तरदायी प्रशासन स्थापित करने में सहयोग दें। सतर्क में नागरिकों को अनेक जानकारियां प्राप्त होगी, जिनमें सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की भूमिका और कार्य प्रणाली, शिकायत प्रक्रिया से जुड़ी सामान्य जानकारी और दिशा-निर्देश, भ्रष्टाचार रोकथाम से संबंधित जागरूकता सामग्री के अलावा ब्यूरो के संपर्क विवरण एवं हेल्पलाइन की जानकारी शामिल है।