निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए सुरेंद्र कुमार व नरेश कुमार का पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने स्टार लगाकर किया उत्साहवर्धन

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में उप निरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नति प्राप्त करने वाले दो पुलिस अधिकारियों को स्टार लगाकर उत्सावर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने दोनों अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं बल्कि जिम्मेदारियों में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक ईमानदारी, मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा से सेवा देने वाले अधिकारियों को यह सम्मान मिलना पूरे विभाग के लिए गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों अधिकारी अपने अनुभव और कार्यशैली से कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए सुरेंद्र कुमार ने अपनी सेवा 1 दिसंबर 1988 को फोर्थ बटालियन मधुबन से शुरू की थी। अपने लंबे सेवा काल के दौरान उन्होंने पानीपत व झज्जर, चौकी इंचार्ज डीघल तथा थाना सदर झज्जर में SHO के रूप में कार्य करते हुए कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सफलतापूर्वक निभाईं। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा के प्रति समर्पित होकर कार्य किया। इसी प्रकार निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए नरेश कुमार ने 1 अक्टूबर 1989 को हरियाणा आर्म्ड पुलिस (HAP) मधुबन से अपनी सेवा शुरू की थी। उन्होंने अपने सेवा काल के दौरान करनाल, कैथल, सोनीपत और झज्जर सहित विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं देते हुए विभागीय दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि विभाग को ऐसे अनुभवी और समर्पित अधिकारियों पर गर्व है और उनके अनुभव का लाभ आगे भी विभाग और समाज को मिलता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *