पहाड़गंज में 89वीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा धूमधाम से संपन्न, पुलिस ने किया भव्य स्वागत, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

पहाड़गंज में 89वीं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी शोभा यात्रा धूमधाम से संपन्न, पुलिस ने किया भव्य स्वागत, सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

टूटी सड़क के कारण बदला गया परंपरागत मार्ग।

नई दिल्ली, पहाड़गंज। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर पहाड़गंज में 89वीं शोभा यात्रा बड़ी धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई।

कहते हैं जहां चाह वहां राह। स्थानीय निवासियों और आयोजकों द्वारा बार-बार निवेदन के बावजूद प्रचलित मार्ग, विशेषकर चूना मंडी, राजगुरु रोड की टूटी-फूटी सड़क को ठीक नहीं किया गया, जो कि अत्यंत निंदनीय है। इसी कारण आयोजकों को इस वर्ष शोभा यात्रा का मार्ग परिवर्तित करना पड़ा।

यह भव्य शोभा यात्रा पहाड़गंज के प्रसिद्ध श्री बांके बिहारी मंदिर से आरंभ होकर संगतराशन चौक, पुलिस चौकी होते हुए तिलक स्ट्रीट और इंपीरियल चौक से पहाड़गंज मेन बाजार, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन होते हुए आरा काशा रोड, मुल्तानी ढांडा होते हुए चित्रगुप्ता रोड पर संपन्न हुई।

इस अवसर पर पहाड़गंज थाना और संगतराशन पुलिस चौकी की ओर से शोभा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। इस पहल से साफ संदेश दिया गया कि ‘पुलिस दोस्त है और स्थानीय निवासियों की सेवा के लिए सदैव तत्पर है।’ साथ ही शोभा यात्रा मार्ग पर मध्य जिला पुलिस ने पुख्ता इंतज़ाम किए हुए था। जहां चप्पे चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात थे।

शोभा यात्रा में इस बार 42 आकर्षक झांकियां और 11 बैंड शामिल थे। यात्रा में लगभग चार से पांच हजार भक्तों ने भाग लेकर माहौल को कृष्णमय बना दिया।

विशेष रूप से दिल्ली के प्रसिद्ध झंडेवाला देवी मंदिर की ओर से चार झांकियां और एक हजार सेवादार शामिल रहे। वहीं श्री बांके बिहारी मंदिर की झांकी के साथ-साथ अन्य धार्मिक संगठनों एवं मंदिरों की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

आरा काशा रोड पर दिल्ली की महादेव सेवादार चैरिटेबल सोसाइटी द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। संस्था द्वारा भक्तों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया और उनका स्वागत किया गया।

इस भव्य शोभा यात्रा में दिल्ली के विभिन्न मंदिरों के संत-महात्माओं के साथ-साथ कई अति विशिष्ट अतिथियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *