विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
पुलिस सेवाओं को अधिक पारदर्शी, त्वरित और जन-अनुकूल बनाने की दिशा में पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के दिशा-निर्देशन एवं मार्गदर्शन में झज्जर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की है। जिसमें जिले के सभी चौकी/थाना और पुलिस कार्यालयों में QR कोड आधारित डिजिटल फीडबैक सिस्टम स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से अब नागरिक अपने मोबाइल से QR कोड स्कैन कर अपनी प्रतिक्रिया तुरंत दर्ज कर सकेंगे। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस फीडबैक फॉर्म में कार्यालय का वातावरण, स्टाफ का व्यवहार, पहुंच की सुविधा, समग्र संतुष्टि और सुझाव जैसे बिंदु शामिल किए गए हैं, जिनसे पुलिस सेवाओं की गुणवत्ता का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा। फीडबैक प्रक्रिया पूरी तरह सरल और डिजिटल है, जिससे हर नागरिक अपनी राय सहजता से साझा कर सकता है।प्रवक्ता ने कहा, “पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए यह पहल बेहद महत्वपूर्ण कदम है। प्राप्त फीडबैक का नियमित विश्लेषण किया जाएगा तथा जिन क्षेत्रों में सुधार की आवश्यकता होगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।झज्जर पुलिस ने जन-साधारण से अपील की है कि वे पुलिस कार्यालयों में उपलब्ध QR कोड स्कैन कर अपनी बहुमूल्य प्रतिक्रिया साझा करें, जिससे पुलिस सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं जन-केंद्रित बनाया जा सके।