नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श ऑडिटोरियम में आज सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों के सम्मान में पिपिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। मानद रैंक पदोन्नति योजना के तहत 95 सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को अगले उच्च मानद पद से सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता विशेष पुलिस आयुक्त (मानव संसाधन विभाग) श्री रॉबिन हिबू, आईपीएस ने की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सेवानिवृत्त कर्मियों को मानद रैंक के बैज लगाए।
इस अवसर पर श्री रॉबिन हिबू ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को बधाई देते हुए उनके समर्पण, प्रतिबद्धता और सेवा के दौरान दिए गए बलिदानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस की वर्दी पहनना गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। वर्दी में बिताए यादगार पल आने वाली पीढ़ियों के लिए भी गर्व का स्रोत बने रहेंगे।
उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों से आग्रह किया कि वे सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन का भरपूर आनंद लें, सक्रिय रहें, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, यात्रा करें और अपने परिवार व नाती-पोतों के साथ अधिक से अधिक समय बिताएं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि दिल्ली पुलिस के साथ उनका जुड़ाव आजीवन बना रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
मानद रैंक पदोन्नति योजना के तहत 95 कर्मियों को पदोन्नत किया गया, जिनमें –
- 07 हेड कांस्टेबल को सहायक उप-निरीक्षक (ASI),
- • 23 सहायक उप-निरीक्षकों (ASI) को उप-निरीक्षक (SI) और • 65 उप-निरीक्षकों (SI) को निरीक्षक (Inspector) के मानद रैंक से सम्मानित किया गया।
- समारोह में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सेवानिवृत्त होने वाले कर्मी और उनके परिवारजन उपस्थित रहे।