प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी :- उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह

विशेष संवाददाता चिमन लाल

नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर 31 अक्टूबर तक कर सकते है ऑनलाइन आवेदन

रोहतक

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा प्रोत्साहन योजना (सेंट्रल सेक्टर स्कीम ऑफ स्कॉलरशिप फॉर कॉलेज एण्ड यूनिवर्सिटी स्टुडेंट) के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए ऑनलाइन आवेदन-पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि मंत्रालय द्वारा 31 अक्टूबर 2025 निर्धारित की गई है। उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा इस स्कीम के अंतर्गत फ्रेश छात्रवृति के लिए पात्र छात्र/छात्राओं की मेरिट कट ऑफ लिस्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त नवीनीकरण (रिन्यूअल) के लिए पात्र छात्र/छात्राएं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल www.scholarships.gov.in पर उपलब्ध हैं। सभी पात्र छात्र/छात्राएं 31 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें। इसके अतिरिक्त महाविद्यालयों/विश्वविद्यालयों/संस्थानों (लेवल-1) को फ्रैश व नवीनीकरण (रिन्यूअल) के ऑनलाइन छात्रवृति हेतु प्राप्त आवेदनों को 15 नवम्बर 2025 तक सत्यापन किया जाना है तथा राज्य नोडल अधिकारी (लेवल-2) द्वारा 30 नवम्बर 2025 तक सत्यापन किया जाना है।
उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि छात्रवृति के लिए पात्र छात्र/छात्राएं प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ नवीनीकरण (रिन्यूअल) हेतु नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर 31 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें। सभी महाविद्यालयों/विश्वविद्यालयों/संस्थानों को भी निर्देश दिए जाते हैं कि वे अपने स्तर पर छात्र/छात्राओं को आवेदन करने के लिए सूचित करते हुए ऐसे आवेदनों का शीघ्र-अतिशीघ्र ऑनलाइन सत्यापन करें ताकि समय पर छात्रवृति का भुगतान किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *