नई दिल्ली, 24 सितंबर
मध्य जिले के आनंद पर्वत थाना पुलिस ने फैक्ट्री में चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को पकड़ा है।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर को गली नंबर 10, इंडस्ट्रियल एरिया आनंद पर्वत स्थित एक फैक्ट्री में चोरी की पीसीआर कॉल मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि अज्ञात चोर दूसरी मंजिल पर लगा एग्जॉस्ट फैन निकालकर अंदर घुसे और गोदाम से 195 किलो तांबा/एल्युमिनियम के तार, 450 हीटिंग एलिमेंट और 950 एग्जॉस्ट फैन मोटर चोरी कर ले गए। इस पर थाना आनंद पर्वत में FIR No. 530/2026 दर्ज की गई।
एसएचओ सुभाष चंद्र के नेतृत्व में SI जितेंद्र कुमार, SI अजीत कुमार की टीम ने लोकल इनपुट और जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली। पुलिस ने आरोपी विशाल यादव (19), नीरज उर्फ निरजा (24) को गिरफ्तार किया। एक 15 वर्षीय किशोर को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले फैक्ट्री की रेकी की थी और वारदात के लिए एक गाड़ी का इस्तेमाल किया। चोरी का माल बेचने के लिए झंडेवालान ले गए, लेकिन बेच नहीं पाए।
पुलिस ने इनके कब्जे से 18 बंडल तांबा/एल्युमिनियम तार, 599 कॉपर हीटिंग एलिमेंट, 950 एग्जॉस्ट फैन मोटर और वारदात में इस्तेमाल गाड़ी बरामद की है। बरामद माल की कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पकड़े गए आरोपियों में नीरज उर्फ निरजा पर पहले से ही आनंद पर्वत थाने में 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं।