विशेष संवाददाता चिमन लाल
बेरी(झज्जर ),
धर्मनगरी बेरी में सोमवार को आश्विन नवरात्र के शुरुआत के साथ ही दूरदराज से आए श्रद्धालु देवी दर्शन के लिए उमड़े। मेले के चलते डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के दिशा निर्देशन में आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सोमवार प्रथम नवरात्र को एसडीएम रेणुका नांदल ने सपरिवार माता भीमेश्वरी देवी के दर्शन कर पूजा अर्चना की। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाए देते हुए कहा कि माता भीमेश्वरी देवी एक सिद्ध पीठ है और यहां देश-प्रदेश से श्रद्धालु माता दर्शन के लिए आते हैं। श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से देवी के दर्शन हों, इसके लिए प्रशासन सजग है। नवरात्र के पहले दिन जिला रैड क्रास सोसायटी झज्जर के स्टाफ सदस्यों और स्वयंससेवकों ने वृद्ध जनों और दिव्यांग जनों का व्हील चेयर के जरिये देवी के दर्शन कराए।
इस बार 28 से 30 सितंबर तक लगेगा मुख्य मेला
इस बीच एसडीएम रेणुका नांदल ने मुख्य मेला को लेकर चल रही तैयारियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। इस बार मुख्य मेला 28 से 30 सितंबर तक लगेगा। उन्होंने कहा कि माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में प्रत्येक श्रद्धालु को व्यवस्था अनुरूप माता के दर्शन हो सकें, इसके लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मेला में आने वाले हर व्यक्ति को पेयजल, समुचित पार्किंग व्यवस्था, टोकन सिस्टम से माता के दर्शन हों। उन्होंने कहा कि मेला को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही हैं,जिसके चलते संबंधित विभागों के अधिकारी तैयारियों को पूरा करने में लगे हुए हैं। मेले की व्यवस्था संभाल रही एसडीएम रेणुका नांदल ने बताया कि दूरदराज से आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुगमता से माता के दर्शन हो,इसके लिए जरूरी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि देवी मंदिर में नवजात शिशुओं के मुंडन उपरांत दर्शन करने की परंपरा है, जिसका श्रद्धालुओं द्वारा बखूबी निर्वहन किया जा रहा है। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित कुलदीप वशिष्ठ, बीडीपीओ राजाराम, नगरपालिका सचिव पूजा साहू, जेई रोहित लोहचब, अरुण मलिक, आई ए अनिल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।