विशेष संवाददाता चिमन लाल
‘ए’ रेटिंग पाने वाला भारतीय मानव अधिकार आयोग, 92% शिकायतों का होता है निपटारा :
बालकृष्ण गोयल
झज्जर,
राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के स्पेशल मॉनिटर बालकृष्ण गोयल ने कहा कि कहीं भी मानव अधिकारों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोग की एडवाइजरी को सभी विभाग प्राथमिकता के साथ लागू करें। लोगों के अधिकारों की रक्षा करना प्रत्येक अधिकारी का दायित्व है। श्री गोयल लघु सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल व डीसीपी लोगेश कुमार पी भी मौजूद रहे।
आयोग के स्पेशल मॉनिटर ने कहा कि मानव अधिकार आयोग का विश्व में विशेष स्थान है। देश का मानव अधिकार आयोग पूरी दुनिया में सबसे अधिक शिकायतें सुनने वाला आयोग है। उन्होंने कहा कि आयोग को मिलने वाली 92 फीसदी शिकायतों का निपटान किया जाता है। यही कारण है कि आयोग को इस मामले में ‘ए’ रेटिंग मिली है। उन्होंने कहा कि आयोग केवल दिल्ली में बैठकर नजर नहीं रखता बल्कि धरातल पर उतरकर काम कर रहा है। श्री गोयल ने कहा कि ग्लोबलाइजेशन के इस युग में अब बिजनेस राइट भी शामिल किया है। विश्व में 16 देशों ने इस व्यवस्था को लागू किया। भारत भी उसमें शामिल है। एक ग्लोबल प्लेटफार्म शुरू हो चुका है। इन देशों में व्यापार के दौरान अगर कोई धोखा होता है तो आयोग को शिकायत कर सकता है। उन्होंने कहा कि आयोग हर प्रकार की शिकायतें सुनता है तथा उसका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करता है। आयोग सर्विस मैटर भी सुनता है। वहां हर विषय के विशेषज्ञ बैठे हैं और अधिकतम 3 माह में शिकायत का निपटारा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक मानव अधिकार आयोग की वेबसाइट पर शिकायत कर सकते हैं। इस मौके पर उन्होंने जेजे एक्ट के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों को लेकर हमें हमेशा संवेदनशील होना चाहिए। इस बैठक में एसडीएम झज्जर आईएएस अंकित कुमार चौकसे, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, जिला समाज कल्याण अधिकारी नरेन्द्र इत्यादि मौजूद थे।