विशेष संवाददाता चिमन लाल
करीब 6.98 करोड़ रुपए की राशि का कोर्ट में हुआ भुगतान
रोहतक,
जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरजा कुलवंत कलसन के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान द्वारा जिला कोर्ट परिसर तथा महम उपमंडल कोर्ट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। डॉ. तरन्नुम खान ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का सफलतापूर्वक निपटारा किया गया। इस अवसर पर कुल 7 बेंचों का गठन किया गया, जिसमें 6 बैंच जिला स्तर तथा एक बैंच महम उपमंडल में आयोजित की गई। इन बैंचों में मुख्य रूप से अनिल कौशिक अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, संगीता राय सचदेव प्रिंसिपल जज फैमिली कोर्ट निचली अदालत में, कर्ण दीप, रवलीन कौर व ममता जुडिशल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास, मोहम्मद सगीर सीजेएम, अमित श्योराण सब डिविजनल जुडिशल मजिस्ट्रेट की बेंच बनाई गई।
राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 24,873 मामलों को सुनवाई की गई, जिनमें से 22,253 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में पक्षकारों के बीच कुल 6,98,24,575 रुपये (लगभग 6.98 करोड़ रुपये) की समझौता राशि तय हुई। राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक वसूली मामले, एनआई एक्ट, मोटर दुर्घटना दावा, आपराधिक कंपाउंडेबल मामले, वैवाहिक विवाद, राजस्व मामले, बिजली व पानी के बिलों से संबंधित मामले सहित विभिन्न श्रेणियों के प्रकरणों का आपसी सहमति से समाधान किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस अवसर पर सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, बैंक प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के सहयोग की सराहना की तथा आमजन से अपील की कि वे लोक अदालत की प्रक्रिया का लाभ उठाकर अपने विवादों का त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान करें।