रोहतक में 3 से 7 नवंबर तक होगा लडक़े व लड़कियों की बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन

विशेष संवाददाता चिमन लाल

हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा 2 से 8 नवंबर तक करवाया जाएगा राज्य स्तरीय हरियाणा ओलंपिक आयोजित

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा रोहतक में 3 से 7 नवंबर तक आयोजित करवाई जा रही बॉक्सिंग की प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूर्ण करवाएं। एसोसिएशन द्वारा 2 नवंबर से 8 नवंबर तक प्रदेशभर में राज्य स्तरीय हरियाणा ओलंपिक का आयोजन किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ 2 नवंबर को गुरुग्राम से किया जाएगा। डीसी सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित करवाई जा रही प्रतियोगिताओं की तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने बैठक में उपस्थित हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मेजर सत्यपाल सिंधु से प्रतियोगिताओं के आयोजन के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की तथा एसोसिएशन द्वारा किया जाने वाले प्रबंधों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि रोहतक में 3 नवंबर से 7 नवंबर तक लडक़े व लड़कियों की बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जाएगा। यह प्रतियोगिता स्थानीय राजीव गांधी खेल स्टेडियम स्थित एनवीए बॉक्सिंग हॉल में आयोजित करवाई जाएगी, जिसमें लगभग 320 खिलाड़ी भाग लेंगे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने खेल विभाग व साईं के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों के ठहरने, यातायात, सुरक्षा एवं खाने-पीने के पुख्ता प्रबंध करवाना सुनिश्चित करें ताकि खिलाडिय़ों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार से कहा कि वे राजीव गांधी खेल स्टेडियम की साफ-सफाई एवं रखरखाव के लिए खेल विभाग की ओर से टेंडर तैयार करवाएं। इस अवसर पर हरियाणा बॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव ओमबीर हुड्डा, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, नगराधीश अंकित कुमार, खेल विभाग की उपनिदेशक सुनीता खत्री, जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह, बॉक्सिंग कोच नवीन कुमार आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *