रोहिणी जिला पुलिस को बड़ी सफलता – चार वाहन चोर गिरफ्तार

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2026

रोहिणी जिले में वाहन चोरी की वारदातों पर शिकंजा कसते हुए एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने चार शातिर ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की चार लग्जरी गाड़ियां और गाड़ियों के पार्ट्स ढोने में इस्तेमाल होने वाला एक टाटा इंट्रा टेंपो भी बरामद किया है।

डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि ACP ऑप्स अजमेर सिंह के पर्यवेक्षण में इंस्पेक्टर मुकेश के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की है।

ऐसे पकड़े गए आरोपी

नॉर्थ रोहिणी थाने में किया सेल्टोस चोरी होने की ई-एफआईआर नंबर 21034/26 धारा 305(b) BNS के तहत दर्ज हुई थी। इसी मामले में कई टीमें काम कर रही थीं।

21 सितंबर 2026 को AATS/रोहिणी के इंस्पेक्टर राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल राजेंद्र, दीपक और कांस्टेबल सुमित को सूचना मिली कि दो ऑटो लिफ्टर कंझावला के सावदा गांव स्थित एक गोदाम में आने वाले हैं, जहां चोरी की गाड़ी को काटा जा रहा है।

टीम ने तुरंत जाल बिछाया और दो आरोपियों – विजय और कमलेश को दबोच लिया। मौके से आधी कटी हुई किया सेल्टोस बरामद हुई, जो नॉर्थ रोहिणी इलाके से चोरी हुई थी। गोदाम से दो चोरी की नंबर प्लेट, गाड़ी काटने के औजार और पार्ट्स ढोने वाला टाटा इंट्रा टेंपो भी मिला। इसके बाद केस में धारा 317(2)/317(5)/3(5) BNS जोड़ी गई।

पूछताछ में इनकी निशानदेही पर KNK मार्ग थाना क्षेत्र से चोरी हुई एक स्कॉर्पियो-N भी बरामद की गई।

जांच आगे बढ़ी तो 10 अक्टूबर 2026 को तीसरे आरोपी अमरजीत सिंह उर्फ चुसी को पंजाब के फाजिल्का से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर सुभाष प्लेस इलाके से चोरी हुई हुंडई क्रेटा बरामद हुई।

14 अक्टूबर को अमरजीत की निशानदेही पर ही चौथे आरोपी अजहर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से हरि नगर इलाके से चोरी हुई मारुति ब्रेजा बरामद हुई। इन चारों की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के 5 मामले सुलझ गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों का प्रोफाइल

  1. विजय उर्फ भैया लाल (25 साल), निवासी मायापुरी फेज-2, दिल्ली – कार रिपेयर की दुकान में हेल्पर का काम करता था। पहले भी 2 मामलों में शामिल रहा है।
  2. कमलेश (24 साल), निवासी मायापुरी फेज-2, दिल्ली – कार रिपेयर की दुकान में हेल्पर का काम करता था।
  3. अमरजीत सिंह उर्फ चुसी (48 साल), निवासी विकासपुरी, दिल्ली – कारों के स्पेयर पार्ट्स का धंधा करता था। 9 आपराधिक मामलों में पहले भी शामिल रहा है।
  4. अजहर (39 साल), निवासी पंजाबी बाग, दिल्ली – बेरोजगार है। पंजाबी बाग थाने का हिस्ट्रीशीटर है और 9 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

क्या-क्या बरामद हुआ

  • चोरी की किया सेल्टोस कार • चोरी की हुंडई क्रेटा कार • चोरी की स्कॉर्पियो-N कार • चोरी की मारुति ब्रेजा कार • चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स ढोने में इस्तेमाल टाटा इंट्रा टेंपो • दो चोरी की नंबर प्लेट • गाड़ियां काटने के औजार और उपकरण
    पुलिस का कहना है कि नेटवर्क के बाकी सदस्यों की तलाश और अन्य चोरी की गाड़ियों की बरामदगी के लिए आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *