विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
जिले के स्कूल विद्यार्थियों ने अपनी कला प्रतिभा से उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल को प्रभावित करते हुए उनका सुंदर हस्तनिर्मित स्केच भेंट किया। यह स्कैच शहीद रमेश कुमार मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों संजू और दिव्यांश द्वारा तैयार किया गया था। दोनों विद्यार्थी अपने फाइन आर्ट पीजीटी अध्यापिका ज्योति के साथ उपायुक्त कार्यालय पहुँचे और औपचारिक रूप से स्केच भेंट किया। उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले के युवा कला, शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में लगातार अपनी क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने संजू और दिव्यांश को उनकी रचनात्मकता, मेहनत और बारीकी से किए गए कार्य के लिए बधाई दी। साथ ही शिक्षिका ज्योति मैम की भी सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, और विद्यालय द्वारा कला जैसी संवेदनशील विधा को प्रोत्साहित करना सराहनीय है। इस अवसर पर एडीसी जगनिवास भी मौजूद रहे।