विशेष संवाददाता चिमन लाल
वारदात में प्रयुक्त गाड़ी, लाइसेंसी पिस्तौल सहित 3.40 लाख रुपये बरामद, सीआईए-2 बहादुरगढ़ की बड़ी कार्रवाई
बादली
सीआईए-2 बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने लूट के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए-2 बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि यह मामला थाना बादली क्षेत्र से संबंधित है। शिकायतकर्ता भूपेंद्र निवासी दुल्हेड़ा ने शिकायत दी थी कि 12 जनवरी 2026 को वह अपने चाचा व उनके लड़के के साथ कार में रोहतक से दुल्हेड़ा लौट रहा था। रास्ते में गांव छुडानी से लगभग 1 किलोमीटर पहले विदरौ के पास अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट कर लगभग 10,000 रुपये नकद व सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना बादली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए-2 बहादुरगढ़ की टीम ने तकनीकी एवं गुप्त सूचना के आधार पर गहन जांच करते हुए कार्रवाई की। उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप निवासी खेड़ी जट्ट, अमन निवासी गांधरा, रविंद्र निवासी माजरा डी तथा राहुल निवासी छोछी के रूप में हुई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी राहुल से वारदात में प्रयोग की गई गाड़ी तथा 1,80,000 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी रविंद्र से 1,10,000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयोग किया गया डंडा बरामद किया गया। आरोपी संदीप से लाइसेंसी पिस्टल, 12 कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन तथा 50,000 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अदालत बहादुरगढ़ में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।