नई दिल्ली, 17 सितंबर 2026
बाहरी उत्तर जिले के स्वरूप नगर थाने की पुलिस ने ब्लाइंड रेप और हत्या के सनसनीखेज मामले को 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस मामले में एक युवक और तीन नाबालिगों (CCL) को पकड़ा गया है।
13 सितंबर की सुबह स्वरूप नगर के कुशक रोड, लाल बाउंड्री स्थित एक खेत में अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना स्वरूप नगर में FIR No. 380/26 धारा 103(1)/238(A)/65(1)/3(5) BNS व 6 पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया।
संयुक्त पुलिस आयुक्त, उत्तरी रेंज विजय सिंह के निर्देश पर एडिशनल डीसीपी लोकेश्वरन आर और एसीपी रविंद्र अहलावत की देखरेख में एसएचओ देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस के सामने कोई चश्मदीद नहीं था। टीम ने 50 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अंधेरे में एक संदिग्ध टेंपो आता-जाता दिखा। फुटेज और फील्ड वेरिफिकेशन के आधार पर टीम ने टेंपो की पहचान की। 15-16 सितंबर की रात चले सर्च ऑपरेशन में टेंपो को खड्डा कॉलोनी, स्वरूप नगर से बरामद कर चालक से पूछताछ की गई, जिसके बाद चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपी:
- शिवम उर्फ सुदामा उर्फ चुचू, निवासी खड्डा कॉलोनी
- तीन बाल अपचारी
बरामदगी: वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, आरोपियों के कपड़े और एक टेंपो DL-1LAG-XXXX
पुलिस के मुताबिक बरामद सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।