हत्या की कोशिश करने के मामले का आरोपी गिरफ्तार, आरोपी के खिलाफ अनेक आपराधिक मुकदमें हैं दर्ज

विशेष संवाददाता चिमन लाल

आरोपी की निशानदेही पर चार पिस्टल व तीन जिंदा कारतूस बरामद

झज्जर

पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में झज्जर पुलिस अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए झज्जर की पुलिस टीम ने षड्यंत्र के तहत एक व्यक्ति का पीछा करने तथा उसे जान माल की हानि पहुंचाने के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम अमित दहिया ने बताया कि रोहित निवासी छप्पार द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई थी कि उसकी गाड़ी में अवैध रूप से जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिसकी जानकारी उसे 28 अगस्त 2025 को हुई। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र के तहत उसका पीछा किया जा रहा है तथा उसकी हत्या करने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर झज्जर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच सीआईए झज्जर को सौंपी गई। सीआईए टीम ने अपने खुफिया तंत्र और साइबर सेल की सहायता से गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि यह पूरी साजिश पुरानी व्यावसायिक रंजिश के चलते रची गई थी। प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पहले 7 सितंबर 2025 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से तीन जीपीएस डिवाइस, एक पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने संगठित अपराध में संलिप्त मुख्य आरोपी रामवीर निवासी बरहाना को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चार पिस्टल तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी रामवीर एक शातिर अपराधी है। पुलिस हिरासत रिमांड की अवधि समाप्त होने पर आरोपी को अदालत झज्जर में पेश किया गया। माननीय अदालत के आदेशानुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *