विशेष संवाददाता चिमन लाल
डीसी ने की खेल गतिविधियों की समीक्षा, जिला अपनाएगा खेलो हरियाणा व खेलो इंडिया का ढांचा
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला की महत्वाकांक्षी खेल पहल खेलो रोहतक की घोषणा करते हुए कहा कि खेलो इंडिया टूर्नामेंट को जनवरी 2026 के प्रथम सप्ताह में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन खेलो हरियाणा और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सफल प्रारूपों पर आधारित होगा। डीसी सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में खेल विभाग की गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रोहतक जिला हरियाणा की खेल उत्कृष्टता का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि खेलो रोहतक टूर्नामेंट युवा प्रतिभाओं को तराशने, व्यापक भागीदारी को बढ़ावा देने और जिला से राष्ट्रीय स्तर तक खिलाडिय़ों के लिए एक बेहतर मार्ग तैयार करने वाला ऐतिहासिक आयोजन होगा। सभी विभाग इवेंट की सफलतापूर्वक मेजबानी हेतु पूर्ण समन्वय से कार्य करें। उन्होंने जोर दिया कि कार्यक्रम में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और पेशेवराना व्यवहार बिल्कुल खेलो इंडिया गेम्स के अनुरूप झलकना चाहिए।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला प्रशासन रोहतक की मासिक खेल समीक्षा बैठक खेलो रोहतक का उद्देश्य व्यापक जन भागीदारी सुनिश्चित करना, जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान करना तथा जिला के सभी खंडों में खेल अवसंरचना को मजबूत बनाना है। इस आयोजन में जूनियर एवं ओपन दोनों श्रेणियां शामिल होगी तथा सभी प्रमुख खेल भी शामिल होंगे। इन खेलो में कुश्ती, बॉक्सिंग, कबड्डी, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक्स, जूडो, क्रिकेट व बहु-खेल ग्रामीण स्पर्धाएं शामिल है। इन खेलो में सरकारी एवं निजी स्कूल, महाविद्यालय व विश्वविद्यालय (एमडीयू, पीजीआईएमएस), राजीव गांधी खेल परिसर (17 स्टेडियम), सर छोटूराम स्टेडियम, निजी स्पोर्ट्स अकादमियां, स्थानीय अखाड़े (25 पंजीकृत), खेले इंडिया व विभागीय स्पोर्ट्स नर्सरी के खिलाड़ी भाग लेंगे।
डीसी ने कहा कि सभी कोचो एवं अकादमियों को निर्देश दिए है कि वे आगामी 7 दिनों में खेलो रोहतक के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करें। इस टूर्नामेंट के लिए प्रशिक्षण तथा कार्यक्रम की तैयारियां खेलो इंडिया व खेले हरियाणा के मानकों के अनुरूप होंगी। अधिकारी इस टूर्नामेंट में स्कूलों के खेल इंचार्ज से समन्वय कर अधिकतम युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करें। महम, सांपला, लाखनमाजरा व कलानौर के गांवों में प्रचार शिविर आयोजित कर ग्रामीण प्रतिनिधित्व बढ़ाएं। जिला के प्रत्येक स्टेडियम व प्रशिक्षण केंद्र को सक्रिय किया जाए। देश व प्रदेश में रोहतक की मजबूत खेल पृष्ठभूमि रही है। जिला में लगभग 5000 खिलाड़ी विभिन्न सरकारी केंद्रों व निजी अकादमियों में प्रशिक्षण ले रहे हैं, 1800 खिलाड़ी विभागीय एवं खेलो इंडिया नर्सरी के अंतर्गत नियमित अभ्यास कर रहे हैं। हर माह 900 खिलाड़ी जिला/राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। कुश्ती, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और कबड्डी में रोहतक लगातार हरियाणा का अग्रणी जिला रहा है। ओलंपिक, एशियन चैंपियनशिप और खेलो इंडिया गेम्स के अनेक पदक विजेता रोहतक से हैं।
उन्होंने कहा कि जिला में समृद्ध खेल अवसंरचना है। जिला में सर छोटूराम स्टेडियम, 17 राजीव गांधी खेल परिसर स्टेडियम, 25 पंजीकृत अखाड़े, विभिन्न खेलों के विभागीय कोच उपलब्ध है। स्थानीय राजीव गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आधुनिक सुविधाओं ट्रैक रिलेइंग, बाउंड्री वॉल, विद्युत कार्य व अन्य सुविधाएं के लिए 35 करोड़ रुपए का प्रस्ताव खेल विभाग के मुख्यालय भेजा गया है। ग्रामीण स्टेडियम रखरखाव के तहत 14 राजीव गांधी ग्रामीण स्टेडियमों की मरम्मत के लिए खेल विभाग ने 2 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इन कार्यों में टर्फ रखरखाव, बाउंड्री वॉल, शौचालय, फ्लड लाइट, पेयजल व चेंजिंग रूम शामिल हैं। उपायुक्त ने खेलो रोहतक टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एम्बुलेंस, मेडिकल टीमें और फस्र्ट-एड स्टेशन, खिलाडिय़ों के लिए फिजियोथेरेपी सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। पुलिस द्वारा कार्यक्रम स्थलों के लिए ट्रैफिक व भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की जायेे। शिक्षा विभाग इस टूर्नामेंट में स्कूलों से अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करे। नेहरू युवा केंद्र व युवा स्वयंसेवक टूर्नामेंट प्रबंधन इत्यादि के लिए स्वयंसेवक उपलब्ध करवाए। पीडब्ल्यूडी, एचएसवीपी आगामी 25 दिसंबर से पहले मैदान, ट्रैक, लाइटिंग व अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य तेज करें।
उन्होंने विभाग के अधिकारियों को कोच व पार्ट-टाइम ट्रेनर्स के भुगतान करने के निर्देश दिए। विद्यालयों व स्पोर्ट्स केंद्रों में एंटी-डोपिंग व नाडा जागरूकता कार्यक्रम जारी हैं। महम, सांपला और लाखनमाजरा के ग्रामीण खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं तथा खेलो रोहतक में उनका प्रमुख प्रतिनिधित्व होगा। समीक्षा बैठक में जिला खेल अधिकारी अनूप सिंह, कबड्डी कोच रणबीर सिंह, बास्केटबॉल कोच विकास, कुश्ती कोच प्रदीप, हॉकी कोच सुनीता राठी, जिम्नास्टिक कोच वीरेंद्र सैनी, बॉक्सिंग कोच सतीश कुमार, क्रिकेट कोच शक्ति सिंह, एथलेटिक्स कोच कैलाश रुहिल, जूडो कोच विकास मलिक आदि उपस्थित रहे।