तिलक नगर में झपटमारी का खुलासा, एक बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 03 नवंबर 2026

पश्चिमी जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झपटमारी के मामले को सुलझा लिया है। तिलक नगर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

हरेश्वर वी स्वामी डीसीपी वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के अनुसार, 01 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे चौखंडी स्थित छठ पूजा पार्क के पास एक महिला से दो स्कूटी सवार बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया था। इस संबंध में थाना तिलक नगर में FIR No. 420/2026 U/s 304(2)/3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SHO इंस्पेक्टर बिनीत कुमार पांडे और ACP रिछपाल सिंह के नेतृत्व में ASI चंद्रहास, HC सुनील और HC नरेश की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर आरोपियों का सुराग तिलक विहार तक मिला।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान बलवीर सिंह (44 वर्ष), निवासी तिलक नगर के रूप में की और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से शिकायतकर्ता का लूटा हुआ मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी नंबर DL8SCA8571 बरामद हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बलवीर सिंह पहले भी 5 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिसमें 1 हत्या, 3 चोरी और 1 आबकारी अधिनियम का मामला शामिल है। उसका दूसरा साथी बबला अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *