नई दिल्ली, 10 सितंबर 2026
राजधानी दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में देर रात हवाई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो नशे में धुत होकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवा में फायरिंग कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को रात करीब 2:00 बजे बीट स्टाफ को सूचना मिली कि बड़ा बाजार, राजेंद्र नगर में एक सफेद रंग की बलेनो कार संख्या DL 2C AY 5*** में सवार एक व्यक्ति द्वारा हवा में फायरिंग की जा रही है।
सूचना मिलते ही राजेंद्र नगर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को काबू कर लिया।
आरोपी की पहचान गगन दीप सिंह (उम्र 29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पुराना राजेंद्र नगर, दिल्ली का रहने वाला है और मूल रूप से कनखल, जिला हरिद्वार, उत्तराखंड का निवासी है। आरोपी NDMC के एक प्रोजेक्ट में जे.ई. (जूनियर इंजीनियर) के पद पर कार्यरत है।
पुलिस ने बताया कि पकड़े जाने के समय आरोपी शराब के नशे में था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .32 बोर की रिवॉल्वर, 2 जिंदा और 2 खाली कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा होल्स्टर से 5 अतिरिक्त जिंदा कारतूस भी मिले हैं। रिवॉल्वर लाइसेंसी बताई जा रही है।
BAC टेस्ट में आरोपी के खून में अल्कोहल की मात्रा 235 mg/100 ml पाई गई, जो निर्धारित सीमा से कई गुना अधिक है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने अत्यधिक शराब के नशे में बिना किसी कारण के हवा में फायरिंग की थी।
इस संबंध में राजेंद्र नगर थाने में BNS और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।