नई दिल्ली, 05 सितंबर 2026
दिल्ली पुलिस के “ऑपरेशन विश्वास” के तहत दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने जनता का भरोसा जीतते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिले की एंटी स्नैचिंग सेल ने सिर्फ दो महीनों (01 जुलाई से 31 अगस्त 2026) में 702 गुम/चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इस साल 01 जनवरी से 31 अगस्त 2026 तक कुल 1920 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें से 534 फोन उनके असली मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी, डिजिटल ट्रैकिंग और फील्ड वेरिफिकेशन के जरिए यह सफलता हासिल की। यह विशेष अभियान इंस्पेक्टर हरी सिंह, प्रभारी एंटी स्नैचिंग सेल के नेतृत्व में और एसीपी ऑपरेशन्स संदीप घई की देखरेख में चलाया गया। टीम में एएसआई होशियार सिंह, वीरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप, कृष्ण और कांस्टेबल बलबीर शामिल रहे।
डीसीपी दक्षिण-पश्चिम अमित गोयल (IPS) ने बताया कि ऑपरेशन विश्वास नागरिक कल्याण और पारदर्शी सेवा का प्रतीक है। आगे भी बरामदगी अभियान जारी रहेगा।