दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की WR-I टीम ने प्रतिबंधित चाइनीज / प्लास्टिक मांझे के अवैध भंडारण और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस ने रघुबीर नगर इलाके से तीन आरोपियों – राजेश, असद और सोहेल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1398 रील चाइनीज मांझा बरामद किया है। आरोपी एक Renault Triber कार में मांझा लेकर बिक्री के लिए जा रहे थे।
8 जून को SI अमित और HC विनोद को गुप्त सूचना मिली थी कि नांगलोई निवासी राजेश अपने साथियों के साथ भारी मात्रा में चाइनीज मांझा लेकर घोड़े वाला मंदिर, रघुबीर नगर, ख्याला के पास आएगा।
DCP क्राइम हर्ष इंदौरा के निर्देश पर ACP राजकुमार के सुपरविजन और इंस्पेक्टर प्रकाश चंद के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने रात करीब 2 बजे घोड़े वाला मंदिर के पास जाल बिछाया और गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल के सामने सिल्वर रंग की कार को रोककर तलाशी ली, तो उसमें प्लास्टिक कट्टों और गत्ते के बक्सों में मांझा भरा मिला।
पुलिस ने कार को जब्त कर थाना क्राइम ब्रांच, पुष्प विहार में FIR No. 200/26, धारा 223(B) BNS और 5/15 पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपियों से मांझे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।