दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने ड्रग नेटवर्क का किया पर्दाफाश, साढ़े चार करोड़ की नशीली दवाएं जब्त, 4 गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक संगठित ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने इस कार्रवाई में करीब 4.5 करोड़ की नशीली दवाएं बरामद की हैं।मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. जबकि एक किशोर को भी पकड़ा गया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 17 मार्च को टीम को सूचना मिली थी कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली इलाके में बड़ी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप पहुंचने वाली है. सूचना के आधार पर टीम ने शिव विहार तिराहा, जोहरीपुर रोड पर जाल बिछाया. इसी दौरान एक बाइक पर जा रहे युवक को एक किशोर के साथ रोका गया।

तलाशी लेने पर पुलिस को 11,900 अल्प्राजोलम की गोलियां करीब 1.912 किलोग्राम और 825 ट्रामाडोल टैबलेट करीब 0.491 किलोग्राम मिलीं. आरोपी की पहचान नितिन पाठक के रूप में हुई. पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली।

दिल्ली पुलिस को पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के भोपुरा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा. वहां से 2,250 ट्रामाडोल कैप्सूल करीब 1.218 किलोग्राम बरामद हुए और मेडिकल स्टोर मालिक प्रेम सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने 21 मार्च को लक्ष्मी नगर निवासी शालू कुमार को गिरफ्तार किया. उसके घर की तलाशी में 11,955अल्प्राजोलम टैबलेट (करीब 1.627 किलोग्राम) बरामद हुईं. पुलिस ने 23 मार्च को इस गिरोह से जुड़े एक और आरोपी संजय सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक कुल अल्प्राजोलम बरामद 3.539 किलोग्राम लगभग 3.5 करोड़ कुल ट्रामाडोल बरामद 1.709 किलोग्राम लगभग 1 करोड़ जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रिस्क्रिप्शन वाली दवाओं को अवैध तरीके से सप्लाई कर भारी मुनाफा कमा रहा था. आरोपियों के तार दिल्ली-एनसीआर और अन्य राज्यों से भी जुड़े होने की आशंका है। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *