दोहरे हत्याकांड में वांछित कुख्यात बदमाश गिरफ्तार, 9 केस में है शामिल

नई दिल्ली। उत्तरी जिला रेंज (NDR) / क्राइम ब्रांच, दिल्ली को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने दो सनसनीखेज हत्या और मारपीट के मामले में वांछित कुख्यात अपराधी लवकुश उर्फ जीतू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 29 मार्च 2026 को मधु विहार, डाबरी इलाके में वर्चस्व को लेकर रोहित उर्फ नॉडी, हिमांशु उर्फ प्रेम, समीर और लवकुश उर्फ जीतू ने हनी, अनीश और रोहित कश्यप पर चाकुओं से हमला किया था। घायल हनी की इलाज के दौरान मौत हो गई।

वारदात के बाद भागते समय आरोपियों ने एक जेप्टो डिलीवरी राइडर गोविंद झा से बाइक लूटने की कोशिश की और विरोध करने पर उसे भी चाकू मार दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। इस संबंध में थाना डाबरी में FIR No. 201/2026 और 202/2026 दर्ज हैं।

जांच के दौरान तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे, जबकि मुख्य साजिशकर्ता लवकुश फरार चल रहा था। कोर्ट ने 09 जुलाई को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट और 03 अगस्त को धारा 84 BNSS के तहत उद्घोषणा जारी की थी।

एसीपी उमेश बर्थवाल के निर्देशन में इंस्पेक्टर योगेश कुमार और विनोद यादव की देखरेख में SI दिपेन्द्र सिंह, HC राजबीर, रामनिवास, परमानंद, कुलदीप, अंचल और W/CT ज्ञानवती की टीम ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर की सूचना पर 05 अगस्त को द्वारका मोड़ इलाके में जाल बिछाकर उसे दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वारदात में इस्तेमाल चाकू उसी ने उपलब्ध कराया था और वारदात के बाद वह शहर-दर-शहर ठिकाने बदल रहा था। आरोपी डाबरी का रहने वाला है और 9वीं तक पढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *