द्वारका पुलिस की बड़ी कामयाबी: कुख्यात बदमाश देसी पिस्टल व कारतूस के साथ गिरफ्तार

दिल्ली, 28 जून 2026
दिल्ली पुलिस के द्वारका जिला स्पेशल स्टाफ की टीम ने “नो गन्स, नो गैंग्स” अभियान के तहत एक कुख्यात अपराधी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान रवि उर्फ देव उर्फ बग्गा, उम्र 32 वर्ष, निवासी सेक्टर-16, जेजे कॉलोनी, द्वारका के रूप में हुई है। इसके कब्जे से एक सिंगल राउंड देसी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी थाना द्वारका नॉर्थ का सूचीबद्ध बदमाश (BC) है। वह पहले भी लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित 38 संगीन मामलों में शामिल रहा है। आरोपी लोगों में दहशत फैलाने के लिए हथियार लहराता था।


डीसीपी द्वारका के मार्गदर्शन में स्पेशल स्टाफ की टीम अपराधियों पर नकेल कसने और अवैध हथियारों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही थी। एसीपी ऑपरेशन्स सुभाष मलिक की निगरानी और इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई रसमुद्दीन, एएसआई राजेंद्र, एचसी बच्चू सिंह, एचसी देव प्रकाश व सिपाही परविंदर की टीम गठित की गई थी।

22 जून 2026 को एएसआई रसमुद्दीन को गुप्त सूचना मिली कि थाना द्वारका नॉर्थ का एक सूचीबद्ध बदमाश सेक्टर-16, जेजे कॉलोनी में अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर के इशारे पर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से एक देसी पिस्टल व जिंदा कारतूस बरामद हुआ।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह किराए के मकान में रहता है। पहले बढ़ई का काम करता था, लेकिन बुरी संगत में पड़कर अपराध की दुनिया में उतर गया और कई बार जेल जा चुका है। हाल ही में जेल से छूटने के बाद वह चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने के लिए हथियार लेकर घूम रहा था।


बरामदगी के आधार पर थाना द्वारका नॉर्थ में एफआईआर संख्या 205/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की जांच जारी है।


डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह, आईपीएस ने बताया कि द्वारका जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। स्पेशल स्टाफ की सतर्कता से एक बड़ी वारदात होने से बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *