मध्य जिला पुलिस ने ₹80 लाख के ऑनलाइन निवेश घोटाले में दो आरोपी किए गिरफ्तार, ₹25 लाख के शेयर फ्रीज

नई दिल्ली, 21 जून 2026:
राजिंदर नगर पुलिस ने ₹80 लाख के बड़े ऑनलाइन निवेश घोटाले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर शिकायतकर्ता से करीब 80 लाख रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने जांच के दौरान लगभग ₹25 लाख के शेयर फ्रीज कर दिए हैं।


रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक पुलिस स्टेशन राजिंदर नगर, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में एफआईआर संख्या 182/2026 धारा 318(4)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता को आरोपियों ने शेयर बाजार से जुड़ी योजनाओं में निवेश पर आकर्षक रिटर्न का वादा करके फंसाया। भरोसा जीतने के बाद शिकायतकर्ता ने कई लेनदेन के जरिए लगभग 80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद न तो वादा किया गया रिटर्न मिला और न ही मूल राशि वापस आई।


मामला दर्ज होने के बाद जांच एसआई धर्मेंद्र को सौंपी गई। एसीपी करोल बाग श्री शिवम, आईपीएस की निगरानी और एसएचओ राजिंदर नगर इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने बैंक खातों, लेनदेन रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और मोबाइल डेटा की गहन जांच की। तकनीकी निगरानी और लाभार्थी खातों के विश्लेषण से पुलिस ने ठगी गई राशि के लेनदेन को ट्रैक किया और घोटाले में शामिल लोगों की पहचान की।

आरोपी पीयूष कुमार (31 वर्ष), निवासी करोल बाग, दिल्ली – होटल आईटीसी मौर्या, नई दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है और जतिन खजोटिया (31 वर्ष), निवासी गुरुग्राम, हरियाणा को– 17 जून 2026 को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने शिकायतकर्ता का विश्वास जीतकर उसे शेयर बाजार में ऊंचे रिटर्न का झांसा दिया और बड़ी रकम निवेश करवाई। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम का एक हिस्सा कई लाभार्थी खातों से होकर शेयर बाजार में लगाया गया था। आरोपियों के खुलासे से पुलिस को मनी ट्रेल स्थापित करने और अपराध से जुड़ी संपत्तियों की पहचान में मदद मिली।

पुलिस के अनुसार आरोपियों का पिछला आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। मामले में अन्य लाभार्थियों की पहचान और बची हुई रकम को ट्रेस करने के लिए जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *