मध्य जिले ने मनाया वरिष्ठ नागरिक दिवस, 100 बुजुर्ग हुए शामिल

नई दिल्ली, 2 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर मध्य जिला पुलिस द्वारा थाना डीबीजी रोड के अजमल खां पार्क में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में करीब 100 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चले इस कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्गों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस दौरान साइबर सेल की टीम ने साइबर जागरूकता सत्र आयोजित किया। बुजुर्गों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और वित्तीय फ्रॉड से बचने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया गया।

स्वास्थ्य शिविर में पैसिफिक वन हेल्थ अस्पताल के डॉक्टरों ने बुजुर्गों की ब्लड शुगर, डायबिटीज सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की और नियमित जांच की सलाह दी।

कार्यक्रम में डीसीपी मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह, एसीपी पहाड़गंज समेत सभी एसएचओ मौजूद रहे। अंत में सभी वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया और साइबर सुरक्षा से जुड़ी पुस्तकें भेंट की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *