मध्य जिले में अतिक्रमण पर चला पुलिस का डंडा, व्यस्त इलाकों से हटाए अवैध रेहड़ी-पटरी

नई दिल्ली, 18 सितंबर 2026

मध्य जिला पुलिस ने अतिक्रमण के खिलाफ सघन अभियान चलाया। पहाड़गंज, कमला मार्केट, करोल बाग थाना और तुर्कमान गेट चौकी पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई कर सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराया।

रोहित राजवीर सिंह डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक, पहाड़गंज में पुल पहाड़गंज से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन/आरक्षण कार्यालय तक और मार्केट क्षेत्र में बिना लाइसेंस के फुटपाथ और सड़क घेर कर बैठे अवैध वेंडरों को हटाया गया। कमला मार्केट थाना पुलिस ने अजमेरी गेट क्लॉक टावर और बाजार क्षेत्र के बाहर से अवैध कब्जे और सामान हटाए।

करोल बाग में अजमल खां रोड और करोल बाग मेट्रो स्टेशन के आसपास रेहड़ी-पटरी और दुकानों के बाहर रखे सामान से पैदल यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए सफाई अभियान चलाया गया। वहीं चांदनी महल थाने की तुर्कमान गेट चौकी टीम ने तुर्कमान गेट के आसपास सड़क किनारे लगे ठेले, चाय-बीड़ी-सिगरेट के खोखे और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए।

अभियान के दौरान रेहड़ी, पटरी, चाय के स्टॉल और फुटपाथ पर रखे अन्य सामान जब्त कर रास्ता साफ कराया गया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से पैदल और वाहन यातायात सुगम हुआ है और आम लोगों को आवाजाही में सुविधा हुई है।

मध्य जिला पुलिस ने कहा है कि सार्वजनिक स्थलों को व्यवस्थित और बाधा-मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *