साइबर थाना ईस्ट ने ऑनलाइन हेल्थ सप्लीमेंट ठगी का किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

नई दिल्ली। पूर्वी जिले की साइबर थाना पुलिस ने पंजाब के लोगों को निशाना बनाकर ऑनलाइन हेल्थ सप्लीमेंट और दवाइयों के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेन कुमार (22 वर्ष) निवासी ग्रेटर कैलाश और आयुष आर्या (22 वर्ष) निवासी न्याय खंड, इंदिरापुरम, यूपी के रूप में हुई है।

क्या है मामला –
अमृतसर निवासी धर्मवीर सिंह ने शिकायत दी थी कि उन्होंने वेबसाइट www.openlifevedixa.com से हेल्थ सप्लीमेंट मंगवाने के लिए 27 से 30 सितंबर 2026 के बीच 83,257 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया, लेकिन सामान नहीं मिला। शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज होने के बाद PS साइबर ईस्ट में FIR No. 83/2026, धारा 112(2)/318(4) BNS के तहत केस दर्ज किया गया।

जांच और गिरफ्तारी –
ACP ऑपरेशन्स महावीर प्रसाद की देखरेख में SHO इंस्पेक्टर पवन यादव के नेतृत्व में ASI शिव कुमार, HC अनुराग, HC योगेश और HC विशाल की टीम ने जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि ठगी की रकम आयुष आर्या और उसकी महिला मित्र के दो बैंक खातों में आई थी। कुल 2,66,437 रुपये का फ्रॉड ट्रांजैक्शन ट्रेस किया गया। पूछताछ में आयुष ने बताया कि उसने 10% कमीशन के लालच में अपने और अपनी महिला मित्र के बैंक अकाउंट की डिटेल्स अपने कजिन हितेन कुमार को दी थी। रकम ATM से निकालकर कमीशन काटकर हितेन को दे दी जाती थी।

21.10.2026 को हितेन कुमार को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि वेबसाइट कोई और व्यक्ति चला रहा है, जिसकी तलाश जारी है।

बरामदगी –
आरोपी आयुष आर्या के पास से एक Apple iPhone 15 Pro बरामद हुआ है, जिसमें फर्जी वेबसाइट का लिंक और दोनों आरोपियों के बीच WhatsApp चैट मिली है।

तरीका वारदात – आरोपी फर्जी वेबसाइट बनाकर आकर्षक ऑफर देकर लोगों से पैसे लेते थे और सामान डिलीवर नहीं करते थे। कमीशन पर बैंक अकाउंट लेकर ठगी की रकम को घुमाया जाता था।

पुलिस अन्य आरोपियों और वेबसाइट ऑपरेटर की तलाश में जुटी है।

जनता से अपील – पूर्वी जिला पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान वेबसाइटों से दवा/सप्लीमेंट न खरीदें, वेबसाइट की सत्यता जांचें और किसी भी साइबर ठगी की शिकायत तुरंत www.cybercrime.gov.in या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *