नई दिल्ली, 28 जून 2026:
दक्षिण-पश्चिम जिले के सागरपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए एक कुख्यात चोर दीपक उर्फ दीपू और उसके दो साथियों महावीर और रिंकू कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 10 एलपीजी गैस सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की है।
पिछले कुछ महीनों से सागरपुर इलाके में एलपीजी सिलेंडरों की चोरी की कई शिकायतें मिल रही थीं। एलपीजी की कमी को देखते हुए पुलिस ने इन घटनाओं को प्राथमिकता पर लिया।
थाना सागरपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर राज कुमार के नेतृत्व में और एसीपी दिल्ली कैंट श्री अनिल कुमार की देखरेख में हेड कांस्टेबल सतवीर, हेड कांस्टेबल राकेश, हेड कांस्टेबल हेमंत, कांस्टेबल अरविंद और कांस्टेबल सांवरिया की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम को दिन-रात गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए थे।
24 जून 2026 को तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीपक उर्फ दीपू को डाबड़ी गोल चक्कर के पास नाला रोड, सागरपुर से दबोच लिया। उसके पास से 2 चोरी के एलपीजी सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद हुई।
पूछताछ में दीपक ने चोरी की वारदातें कबूल कीं और अपने साथियों के नाम बताए। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पीरागढ़ी निवासी महावीर को गिरफ्तार कर 6 सिलेंडर और निहाल विहार निवासी रिंकू कुमार सिंह को गिरफ्तार कर 2 सिलेंडर बरामद किए।
डीसीपी दक्षिण-पश्चिम जिला अमित गोयल, आईपीएस ने बताया कि आरोपियों से आगे की पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना है।