नई दिल्ली, 12 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए दिल्ली पुलिस ने पूरी राजधानी में बड़े पैमाने पर रात्रि गश्त अभियान चलाया। ‘जनरल गश्त’ नाम से यह अभियान 11 और 12 अगस्त की मध्य रात्रि 11 बजे से 2 बजे तक दिल्ली के सभी 15 पुलिस जिलों में एक साथ चलाया गया।
पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में हुए इस अभियान में पुलिस की सभी वरिष्ठ फॉर्मेशन के साथ-साथ सभी जिलों और यूनिटों के अधिकतम जवानों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य सुरक्षा को मजबूत करना, आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना, पुलिस की मौजूदगी बढ़ाना और नागरिकों में सुरक्षा व विश्वास की भावना पैदा करना था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद फील्ड में उतरकर महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों का दौरा किया। ड्यूटी पर तैनात जवानों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और उन्हें सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान शहर भर में सघन गश्त की गई। रणनीतिक स्थानों पर नाके और बैरिकेड्स लगाकर सघन वाहन चेकिंग की गई। संभावित अपराधियों पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभिन्न धाराओं के तहत निरोधात्मक कार्रवाई भी की गई।
‘जनरल गश्त’ के दौरान की गई कार्रवाई –
- डीपी एक्ट की धारा 65 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई – 18537
- डीपी एक्ट की धारा 66 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई – 2409
- बीएनएसएस की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई – 446
- बीएनएसएस की धारा 126/169 के तहत कार्रवाई – 44
- आबकारी अधिनियम की धारा 40A/40B के तहत 917 मामले दर्ज
- आर्म्स एक्ट के तहत 21 मामले दर्ज
- कुल 2780 बदमाशों (Bad Characters) की चेकिंग
- 55 बदमाश गिरफ्तार
- कुल 22,774 वाहनों की चेकिंग की गई