नई दिल्ली, 6 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए #DCPCentralDelhi की टीम ने सामुदायिक हितधारकों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक का आयोजन किया।
बैठक में आईज एंड ईयर्स योजना के सदस्यों, प्रहरी स्वयंसेवकों, कार डीलरों, साइबर कैफे संचालकों, सिम कार्ड विक्रेताओं तथा होटल व गेस्ट हाउस मालिकों ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय को बढ़ाना और सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाना था।
बैठक में विशेष पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था), जोन-1, संयुक्त पुलिस आयुक्त (मध्य रेंज) और पुलिस उपायुक्त, मध्य जिला उपस्थित रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी हितधारकों से अपील की कि वे सतर्कता बढ़ाएं, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें और सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जन-सहयोग बेहद जरूरी है। सभी होटल, गेस्ट हाउस, साइबर कैफे और सिम विक्रेताओं को सत्यापन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।