नई दिल्ली। अशोक विहार इलाके में हुई फायरिंग की वारदात को नॉर्थ-वेस्ट जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने 18 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत 3 आरोपियों को बुराड़ी के एक होटल से गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान –
- राजेश उर्फ काना (30) निवासी शहीद सुखदेव नगर, WPIA
- रोहित उर्फ समोसा (23) निवासी राधा विहार, मुकुंदपुर
- नितिन (20) निवासी बुराड़ी
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश उर्फ काना पर पहले से दिल्ली और यूपी में हत्या के 3 मामले दर्ज हैं, जबकि रोहित पर हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के 2 मामले हैं।
बीते 31 अगस्त को शिकायतकर्ता देव उर्फ काके ने थाना अशोक विहार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजेश उर्फ काना के साथियों ने उसकी झुग्गी पर दो राउंड फायरिंग की और ईंट-पत्थर फेंके। विवाद की वजह शिकायतकर्ता के भाई अर्जुन और राजेश के बीच एक लड़की को लेकर पुरानी रंजिश बताई जा रही है। इस संबंध में FIR No. 327/26 धारा 125/3(5) BNS व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
100 KM पीछा कर पकड़े आरोपी:
DCP नॉर्थ-वेस्ट आकांक्षा यादव के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा और ACP रणजीत ढाका के नेतृत्व में SI रोहित चाहर, SI आकांश शर्मा सहित स्पेशल स्टाफ की टीम बनाई गई।
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पता चला कि आरोपी का एक पुराना केस उसी दिन नोएडा कोर्ट में लिस्टेड है। इसी लीड पर टीम ने करीब 100 किलोमीटर तक पीछा किया और बुराड़ी में होटल पर छापा मारकर तीनों को दबोचा।
पूछताछ में राजेश ने बताया कि उसने अपने साथियों रोहित, नितिन और आशीष के जरिए वारदात को अंजाम दिलवाया था। आरोपी रोहित के मोबाइल से एक वीडियो भी मिला है, जिसमें वह वारदात को कबूल कर रहा है। चौथे आरोपी आशीष की तलाश जारी है।