विशेष संवाददाता चिमन लाल
9 मार्च तक प्रस्तुत किये जा सकेंगे दावे व आपत्तियां, 27 मार्च 2026 को मतदाता सूची का होगा अंतिम प्रकाशन
रोहतक,
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा राज्य चुनाव आयोग द्वारा हरियाणा पंचायती राज अधिनियम 1994 तथा हरियाणा पंचायती राज निर्वाचन नियम 1994 के प्रावधानों के तहत ग्राम पंचायतों, पंचायत समितियों एवं जिला परिषदों के सरपंच/पंच पदों के उपचुनाव के लिए वार्डवार मतदाता सूचियों के प्रकाशन/अद्यतन हेतु कार्यक्रम जारी किया गया है। डीसी सचिन गुप्ता ने बताया कि जिला के लाखनमाजरा खंड की ग्राम पंचायत सुंदरपुर (वार्ड-1), रोहतक खंड की ग्राम पंचायत भगवतीपुर (वार्ड-7), जिंदरान (वार्ड-8), चमारिया (वार्ड-9), रिठाल फौगाट (वार्ड-1), खिड़वाली (वार्ड-17) एवं मायना (वार्ड-8) तथा सांपला खंड की ग्राम पंचायत अटायल (वार्ड-14) एवं इस्माईला-9बी (वार्ड-13), कलानौर खंड की ग्राम पंचायत मसूदपुर (वार्ड-5) तथा महम खंड की ग्राम पंचायत बहलबा (वार्ड-2) में पंचों के रिक्त पदों के लिए उपचुनाव करवाये जायेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सचिन गुप्ता ने बताया कि संबंधित ग्राम पंचायतों की वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के आधार पर तैयार की जाएगी। कोई भी व्यक्ति अपना नाम ग्राम पंचायत की मतदाता सूची में शामिल करवाने से पूर्व संबंधित विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली में अपना नाम दर्ज करवाना सुनिश्चित करे। जारी कार्यक्रम के अनुसार वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची तैयार करने हेतु संबंधित क्षेत्रों के निर्वाचकों का वितरण कार्य 28 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत ग्राम पंचायतों की वार्डवार प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 2 मार्च 2026 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची की प्रतियां निरीक्षण हेतु संबंधित ग्राम सचिव, तहसीलदार (राजस्व), खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी तथा जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) कार्यालय में नि:शुल्क उपलब्ध रहेंगी। साथ ही मतदाता सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई जायेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 9 मार्च 2026 निर्धारित की गई है, जबकि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निपटान 12 मार्च 2026 तक किया जाएगा। दावों एवं आपत्तियों के निपटारे के विरुद्ध 16 मार्च 2026 तक उपायुक्त-कम-जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) के समक्ष अपील दायर की जा सकेगी, जिनका निपटान 19 मार्च 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 27 मार्च 2026 को किया जाएगा।