छह नवंबर को दिल्ली में वकीलों ने सभी जिला अदालतों में हड़ताल पर रहने का लिया निर्णय

वकीलों ने दिल्ली की सभी जिला अदालतों में छह नवंबर को हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है। दिल्ली की सभी जिला अदालत बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति की आपात बैठक में इस बारे में फैसला लिया गया।

बैठक में फैसला लिया गया कि छह नवंबर को सभी जिला अदालतों में वकील पूरी तरह हड़ताल पर रहेंगे।

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि गुरुवार को जिला अदालतों में कोई भी वकील किसी मामले में पेश नहीं होगा। वकीलों की ओर से हड़ताल के ऐलान के बाद 6 नवंबर को जिला अदालतों में न्यायिक कार्य प्रभावित रहने का अनुमान है।

बैठक में गुरुग्राम स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) द्वारा वकील विक्रम सिंह को एक हत्या मामले में कथित रूप से गलत तरीके से फंसाए जाने की घटना पर कड़ी नाराजगी जताई गई और इसे वकालत पेशे की स्वतंत्रता पर हमला बताया गया है।

समिति ने कहा कि वकील विक्रम सिंह को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे मामले में आरोपी के सह-आरोपी का बचाव कर रहे थे। समिति ने इस कार्रवाई को वकालत पेशे की स्वतंत्रता पर सीधा हमला और वकीलों को डराने-धमकाने की कोशिश बताया।

समिति ने कहा कि पुलिस की इस तरह की कार्यवाही न केवल कानून के शासन को कमजोर करती है बल्कि कानूनी समुदाय का मनोबल भी गिराती है। समिति ने वकील विक्रम सिंह के खिलाफ दर्ज मामले को तुरंत वापस लेने और सभी कार्रवाई रद्द करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *