विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
झज्जर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई। जिला प्रशासन ने लघु सचिवालय में कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा मुख्य अतिथि थे। सहकारिता मंत्री ने कहा कि झज्जर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन बेहतर कार्य कर रहा है। सुशासन दिवस का मतलब है सरकार के कार्यों में पारदर्शिता और प्रशासन में भ्रष्टाचार और भेदभाव नहीं होना। उन्होंने कहा कि सरकार जनहित के कामों को गंभीरता से ले रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का संबोधन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुना गया। वही पुलिस विभाग में बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को सहकारिता मंत्री द्वारा कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया। सम्मानित किए जाने वाले पुलिसकर्मियों में मुख्य सिपाही प्रदीप एवं मुख्य सिपाही कविता शामिल हैं, जिन्होंने 27 अक्टूबर को झज्जर के मैन बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में हुई 15 लाख रुपए की ज्वेलर्स की चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया। दोनों ने सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच कर उत्तर प्रदेश से एक दंपति को गिरफ्तार किया तथा चोरी हुए सामान की 100 प्रतिशत रिकवरी सुनिश्चित की।इसके अलावा उपनिरीक्षक मनोज कुमार को जिले में पैसों से संबंधित विवादों को सुलझाने में उत्कृष्ट भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया। सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार को जिले के अनुसंधानकर्ताओं को सॉफ्टवेयर संबंधी जानकारी देने तथा अपराधियों की हिस्ट्री सीसीटीएनएस पर नियमित रूप से अपलोड करने के लिए सम्मान मिला। उनकी ईमानदार कार्यशैली के चलते हरियाणा में आईसीजीएस मामलों में झज्जर जिला प्रथम स्थान पर रहा।वहीं मुख्य सिपाही संदीप कुमार को एक जटिल ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया, जिसमें आरोपी ने जमीन के लालच में अपने माता-पिता की हत्या कर सबूत मिटाने का प्रयास किया था।इस कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि ऐसे समर्पित पुलिसकर्मी समाज में कानून व्यवस्था को मजबूत करते हैं और अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं।