टैक्सी से डिलीवरी से लेकर बुराड़ी के ठिकाने तक: एंटी-नारकोटिक्स सेल की बड़ी कार्रवाई, 321 ग्राम हेरोइन के साथ 3 और गिरफ्तार

नई दिल्ली। उत्तर जिला की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने ड्रग्स तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। फॉलो-अप ऑपरेशन में 321 ग्राम हेरोइन बरामद कर पति-पत्नी समेत 3 लोगों को पकड़ा गया है। इनमें एक बाल अपचारी (CCL) भी शामिल है।

पुलिस हिरासत में खुला राज, बुराड़ी में छापा
निहारिका भट्ट डीसीपी नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के मुताबिक, 12 अक्टूबर को कश्मीरी गेट से दो ड्रग सप्लायर अच्छे बाबू और जाहिद को पकड़ा गया था, जिनसे 90 ग्राम हेरोइन और 16.4 ग्राम कोकीन मिली थी। उनकी निशानदेही पर 13 अक्टूबर को महरौली से नाइजीरियाई नागरिक केजेथन को पकड़ा गया और 15.3 ग्राम MDMA व 5.7 ग्राम कोकीन बरामद हुई।

रिमांड के दौरान मिली जानकारी पर 18 अक्टूबर को अमृत विहार, बुराड़ी से एक CCL को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि हेरोइन शक्ति एन्क्लेव, द हिल अपार्टमेंट्स में रखी गई है। टीम ने तुरंत छापा मारकर 321 ग्राम हेरोइन बरामद की और शिव शंकर उर्फ गेल्ला (26) व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया।

कुल बरामदगी 411 ग्राम हेरोइन
इस केस में अब तक कुल 06 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कुल बरामदगी – 411 ग्राम हेरोइन, 22.1 ग्राम कोकीन, 15.3 ग्राम MDMA और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक वैगनआर टैक्सी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी शिव शंकर उर्फ गेल्ला पहले से 06 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और थाना बुराड़ी का घोषित बदमाश (BC) है। सप्लाई चेन और पैसों के लेन-देन की जांच जारी है।

टीम: इंस्पेक्टर आशीष दुबे के नेतृत्व में SI जगबीर, SI प्रवीण, SI आयुष बजाज सहित एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने ACP ऑपरेशंस विशेश धत्तरवाल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *