विशेष संवाददाता चिमन लाल
बहादुरगढ़
सर्दी का मौसम बढ़ने के साथ ही जरूरतमंदों की कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों में पुलिस विभाग द्वारा मानवीय एवं समाजसेवी पहल लगातार की जा रही है। पुलिस कर्मचारियों को अपनी खुशियाँ समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ साझा करने तथा सेवा, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की भावना से कार्य करने के स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में थाना आसौदा के एसएचओ राजेश कुमार और मुंशी मुख्य सिपाही सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा शनिवार को क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत पुलिस टीम ने भट्टो एवं गरीब बस्तियों में जाकर जरूरतमंद लोगों, बच्चों, बुजुर्गों एवं असहाय व्यक्तियों को सर्दी से बचाव हेतु कंबलों का वितरण किया। कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली, जिससे पुलिस टीम को भी आत्मिक संतोष प्राप्त हुआ।इस अवसर पर थाना प्रबंधक राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना भी पुलिस का दायित्व है। सर्दी के इस मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना एक मानवीय कर्तव्य है, जिसे पुलिस विभाग पूरी निष्ठा के साथ निभा रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि झज्जर पुलिस द्वारा आगे भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे, ताकि समाज में पुलिस की सकारात्मक, संवेदनशील एवं भरोसेमंद छवि और अधिक सुदृढ़ हो सके।