दिल्ली: इंस्टाग्राम पर देसी कट्टा लहराना पड़ा महंगा,दहशत फैलाने वाले एक युवक को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ वीडियो पोस्ट कर दहशत फैलाने वाले एक युवक, जैद को गिरफ्तार किया है। जो दिल्ली के तुर्कमान गेट का रहने वाला है। आरोपी के घर से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।

क्या है पूरा मामला
16 जून 2026 को पीपी तुर्कमान गेट के इंचार्ज को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक इंस्टाग्राम पर देसी कट्टे के साथ वीडियो और स्टोरी अपलोड कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की गई और जानकारी पीएस चांदनी महल को दी गई।

कैसे हुई गिरफ्तारी
एसआई नरेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज तुर्कमान गेट के नेतृत्व में एएसआई बाबूलाल, एचसी योगेंद्र, एचसी नितिन, कॉन्स्टेबल दीपक, सौरव और अंकित की टीम ने फाटक तेलियान में छापा मारा। टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक पिज्जा आउटलेट में काम करता है और पिज्जा बनाने के साथ डिलीवरी भी करता है। उसने माना कि दोस्तों और मोहल्ले के लोगों में अपना रौब जमाने और डर फैलाने के लिए उसने हथियार के साथ वीडियो अपलोड किए थे।

घर से बरामद हुआ हथियार
आरोपी के खुलासे पर उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है।

आगे की जांच
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि आरोपी को अवैध हथियार कहां से मिला और इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।

डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजबीर सिंह, आईपीएस ने बताया कि पुलिस टीम की तत्परता से आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी संभव हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *