दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का किया उद्घाटन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दक्षिण दिल्ली के फतेहपुर बेरी गांव से राजधानी को 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की सौगात दी, जिससे अब दिल्ली में इन केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 370 हो गई है। दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में शुक्रवार को एक बड़ा क्रांतिकारी बदलाव देखा गया। मात्र आठ महीनों के भीतर इतनी बड़ी संख्या में स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण दिल्ली सरकार की ‘स्वस्थ दिल्ली’ के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार स्वास्थ्य को खर्च नहीं, बल्कि नागरिकों के भविष्य में एक निवेश मानती है। स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए 322 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया, जो स्थानीय निवासियों के जीवन स्तर को सुधारने में मील का पत्थर साबित होंगी। इन योजनाओं का उद्देश्य आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं और सुदृढ़ बुनियादी ढांचा हर नागरिक की पहुंच में लाना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फतेहपुर बेरी में नए केंद्र का विस्तृत निरीक्षण करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को परखा और नागरिकों के लिए सुलभ उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सरकार की यह पहल केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आयुष्मान आरोग्य मंदिर रोकथाम, जागरूकता और विश्वास के केंद्र के रूप में कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सरकार का लक्ष्य जल्द ही पूरी दिल्ली में 1100 से अधिक ऐसे आरोग्य मंदिर स्थापित करने का है। इन केंद्रों के माध्यम से प्रोमोटिव और प्रिवेंटिव स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जो बड़े अस्पतालों में लगने वाली लंबी कतारों को कम करने और मरीजों को उनके घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण इलाज दिलाने में सहायक सिद्ध होंगी।

इन नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आधुनिक और मरीज-अनुकूल बुनियादी ढांचा विकसित किया गया है, जहाँ नागरिकों को लगभग 80 प्रकार की जांचें, आवश्यक दवाइयां और उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं पूरी तरह मुफ्त मिलेंगी। इन केंद्रों पर न केवल सामान्य बीमारियों का इलाज होगा, बल्कि कैंसर स्क्रीनिंग, नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल और बुजुर्गों के लिए विशेष स्वास्थ्य सेवाओं जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि जब नीयत साफ हो और संकल्प मजबूत हो तो परिणाम भी तेज आते हैं, और एक वर्ष के भीतर 370 आरोग्य मंदिरों की स्थापना इसी कार्यकुशलता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने दक्षिण दिल्ली के ही छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में 322 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के तहत सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण, जल निकासी के लिए नालियों का सुधार और सार्वजनिक सुविधाओं के विकास पर जोर दिया जाएगा। इस अवसर पर दक्षिण दिल्ली के सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी और छतरपुर के विधायक श्री करतार सिंह तंवर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का उद्देश्य विधानसभा की कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर यातायात और जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना है।

क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने कई बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि महरौली-बदरपुर रोड पर 1471 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक डबल डेकर फ्लाईओवर को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही, छतरपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों के लिए चार नई एलिवेटेड रोड परियोजनाएं भी स्वीकृत की गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी। शिक्षा के क्षेत्र में विकास को गति देते हुए छतरपुर को तीन नए स्कूलों की सौगात भी दी गई है, जो क्षेत्र के बच्चों के लिए बेहतर भविष्य की नींव रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *