नई दिल्ली, 22 जुलाई: मध्य दिल्ली के करोल बाग थाना क्षेत्र में एक इमारत में आग लगने की घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, इमारत के ऊपरी तल पर पीजी (पेइंग गेस्ट) के रूप में छात्रों के रहने की व्यवस्था है, जबकि भूतल पर चमड़े के जूते बनाने की एक छोटी फैक्ट्री चल रही थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पीजी में रह रहे दो छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं और आग बुझाने का कार्य जारी है।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों सहित पुलिस स्टाफ मौके पर मौजूद है। इलाके में सुरक्षा और यातायात के आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। स्थिति पर दमकल विभाग के साथ समन्वय कर लगातार निगरानी रखी जा रही है।