नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। आउटर नॉर्थ जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झपटमारी की वारदात को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 21 अक्टूबर को थाना बवाना में सेक्टर-1, DSIIDC स्थित एक फैक्टरी के पास महिला से मोबाइल छीनने की सूचना मिली थी। 29 वर्षीय शिकायतकर्ता ने बताया कि फैक्टरी से घर लौटते समय दो लड़कों ने पीछे से आकर उसका OPPO A-78 फोन छीन लिया। शोर मचाने पर मौके पर मौजूद लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फोन लेकर फरार हो गया।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अखिलेश बाजपेई के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पकड़े गए आरोपी की पहचान सलमान उर्फ हड्डी (22), निवासी जे.जे. कॉलोनी, बवाना के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि फोन लेकर भागने वाला उसका साथी अमल (25), निवासी जे.जे. कॉलोनी है। पुलिस ने छापेमारी कर दूसरे आरोपी को भी दबोच लिया और उसके कब्जे से लूटा गया मोबाइल बरामद कर लिया।
इस संबंध में थाना बवाना में FIR No. 635/26, धारा 304(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सलमान के खिलाफ पहले से 3 और अमल के खिलाफ 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
यह कार्रवाई संयुक्त पुलिस आयुक्त उत्तरी रेंज विजय सिंह के निर्देश, अतिरिक्त डीसीपी लोकेश्वरन आर और एसीपी बवाना गौरव सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।