नई दिल्ली, 19 सितंबर। रोहिणी जिले की नारकोटिक्स टीम ने नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट की सप्लाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 10 कार्टन में रखी 1,20,000 नकली सिगरेट बरामद की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, एसीपी ऑपरेशन अजमेर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर राकेश के नेतृत्व में टीम नकली सामानों की सप्लाई चेन पर काम कर रही थी। 16 सितंबर को एसआई अशोक तोमर, हेड कांस्टेबल युधबीर और धर्मबीर को प्रशांत विहार इलाके में नकली सिगरेट की आवाजाही की सूचना मिली। सूचना पर टीम ने सेक्टर-10, जापानी पार्क के पास जाल बिछाकर आरोपी अकरम (32), निवासी बाबरपुर, दिल्ली को दबोचा।
तलाशी में आरोपी के पास से 5 प्लास्टिक कट्टों में 10 कार्टन आईटीसी कंपनी की नकली गोल्ड फ्लेक सिगरेट मिलीं। इस संबंध में थाना प्रशांत विहार में कॉपीराइट एक्ट की धारा 63/65 के तहत FIR No. 966/2026 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीसीपी रोहिणी शशांक जायसवाल ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।