दिल्ली नगर निगम द्वारा शाहदरा उत्तर एवं दक्षिण क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मिला नया बल:हरी झंडी दिखाकर 76 अतिरिक्त स्वच्छता संसाधनों को किया रवाना

एमसीडी के शाहदरा उत्तर एवं शाहदरा दक्षिण क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में मंगलवार को महावीर स्वामी पार्क, शास्त्री पार्क में आयोजित समारोह में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने अतिरिक्त स्वच्छता संसाधनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान महापौर प्रवेश वाही, उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत और स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा भी मौजूद रही।

इस अवसर पर दोनों क्षेत्रों के लिए कुल 76 आधुनिक स्वच्छता वाहनों एवं उपकरणों को स्वच्छता अभियान में शामिल किया गया। इनमें 52 स्वच्छता वाहन शाहदरा उत्तरी और 24 शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के लिए लिए गये हैं। 24 टिपर, 10 हुक लोडर, 28 बैटरी रिक्शा, तथा मिनी आरसी एवं मिनी डम्पर शामिल हैं। इन संसाधनों के माध्यम से विशेष रूप से संकरी गलियों एवं घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम और स्वच्छता एक-दूसरे के पर्याय हैं। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों को साधुवाद देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार द्वारा निगम को उपलब्ध कराए जा रहे संसाधनों एवं वित्तीय सहयोग से स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। राजधानी के सभी क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सभी सफाई कर्मचारियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे इसी समर्पण के साथ कार्य करते हुए दिल्ली को देश की सबसे स्वच्छ राजधानी बनाने में अपना योगदान दें।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि स्वच्छ दिल्ली केवल नगर निगम की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित यह बेड़ा दिल्ली की सफाई व्यवस्था को नई गति देगा। प्राथमिकता है कि हर गली, हर मोहल्ले तक प्रभावी सफाई व्यवस्था पहुंचे। दिल्ली सरकार के सहयोग तथा निगम के निरंतर प्रयासों से राजधानी को स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर बनाने का संकल्प और अधिक मजबूत होगा।

उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत ने कहा कि हम सभी का सपना स्वच्छ दिल्ली और स्वस्थ दिल्ली का है। नगर निगम सीमित संसाधनों के बावजूद उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। ऐसे समय में स्वच्छता संसाधनों का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। दिल्ली सरकार द्वारा निगम को प्राप्त सहयोग से सफाई व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है, जिससे नागरिकों को बेहतर स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में नगर निगम की कार्यप्रणाली में सकारात्मक परिवर्तन आया है। वर्षों तक निगम ने वित्तीय चुनौतियों का सामना किया, लेकिन अब कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल रहा है और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। वर्ष 2027 तक दिल्ली के कूड़े के पहाड़ों को समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री भी स्वच्छता के प्रति संवेदनशील हैं और उनका पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। सभी को जनभागीदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाना होगा।उन्होंने निगम के सभी सफाई कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे नगर निगम की रीढ़ हैं तथा उनके कल्याण के लिए निगम निरंतर कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने स्वच्छता कर्मियों का उत्साहवर्धन किया तथा नागरिकों से भी स्वच्छ, स्वस्थ एवं कूड़ा-मुक्त दिल्ली के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर निगमायुक्त संजीव खिरवार, पार्षद पंकज लूथरा, शाहदरा दक्षिण क्षेत्र के उपाध्यक्ष मुकेश बंसल, शाहदरा उत्तरी क्षेत्र की उपायुक्त ममता यादव तथा शाहदरा दक्षिणी क्षेत्र के उपायुक्त वैरोकपाम पुंशिबा सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम के दौरान आईडीबीआई बैंक द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल के अंतर्गत निगम के 21 विद्यालयों को 21 वाटर कूलर भी प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *