नई दिल्ली, 20 जुलाई। अपराध शाखा की एनआर-I यूनिट ने वांछित लूट के आरोपी और चार मामलों में उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 37 वर्षीय रवि प्रकाश पुत्र बलबीर सिंह निवासी गोहाना, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी हरियाणा के छह जघन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त है।
डीसीपी क्राइम चन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि 18 जुलाई को हवलदार सुरेन्द्र को आरोपी की आवाजाही की गुप्त सूचना मिली थी। एसीपी अशोक शर्मा के पर्यवेक्षण और इंस्पेक्टर अजय गहलावत के नेतृत्व में एसआई कपिल, एएसआई प्रेम वीर सहित टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
आरोपी थाना नरेला इंडस्ट्रियल एरिया के एफआईआर नंबर 803/2024, धारा 309(4)/3(5) BNS में वांछित था। 16 अगस्त 2024 को डीएसआईआईडीसी नरेला में आरोपी ने साथियों करमबीर और मनोज के साथ मिलकर मनी ट्रांसफर कार्यालय से निकल रहे लोकेश गुप्ता से 3 लाख रुपये से भरा बैग लूटा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के बाद से वह दिल्ली-हरियाणा में फरार चल रहा था। आरोपी को BNSS की धारा 35(1)(D) के तहत गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।