नई दिल्ली। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर नॉर्थ ईस्टर्न रीजन (SPUNER) द्वारा बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
नानकपुरा स्थित स्पूनर कार्यालय के द्वितीय तल के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय “मेरा भारत – विविधता में एकता” रखा गया था।
प्रतियोगिता को तीन वर्गों में बांटा गया था –
वर्ग-1: कक्षा 1 से 5 तक,
वर्ग-2: कक्षा 6 से 10 तक,
वर्ग-3: कक्षा 11 से 12 तक।
तीनों वर्गों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कल्पना, रचनात्मकता और देशभक्ति को रंगों के माध्यम से कैनवास पर उतारा। बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं में एकता, विविधता और राष्ट्रीय गौरव का संदेश साफ झलक रहा था।
प्रतियोगिता के समापन पर प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को उनकी उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
जिमी चिरम IPS, पुलिस उपायुक्त, स्पेशल पुलिस यूनिट फॉर नॉर्थ-ईस्टर्न रीजन, नानकपुरा के मुताबिक इस पहल का उद्देश्य बच्चों को स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए एक रचनात्मक मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, समावेशिता और “विविधता में एकता” की भावना को बढ़ावा देना था।