नई दिल्ली, 27 जून 2026
दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी अरशद अंसारी के पास से कोडीन युक्त कफ सिरप की 13 सीलबंद बोतलें बरामद की गई हैं। यह कार्रवाई संगठित अपराध और ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत की गई।
24 जून 2026 को स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि जामा मस्जिद, मीना बाजार, गेट नंबर 2 के पास एक व्यक्ति कोडीन बेस्ड कफ सिरप की अवैध बिक्री के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया। कुछ देर बाद मुखबिर की निशानदेही पर संदिग्ध को रोककर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास एक पॉलिथीन बैग से कोडी सिरप की 13 सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। हर बोतल 100 ml की है और इसमें कोडीन फॉस्फेट और ट्राइप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड मिला हुआ है। आरोपी कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह कोडीन सिरप की अवैध बिक्री के धंधे में शामिल है। पुलिस अब उसके सप्लायर और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई इंस्पेक्टर संदीप यादव, इंचार्ज स्पेशल स्टाफ के नेतृत्व में की गई। टीम में SI धर्मेंद्र, HC मुनेश, HC विकास, HC अनुज, HC दीपक, कांस्टेबल सूरजपाल, कांस्टेबल तरुण, कांस्टेबल सुमित और कांस्टेबल लोकेश शामिल थे। पूरे ऑपरेशन की निगरानी ACP ऑपरेशंस, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट श्री पदम सिंह राणा ने की।
डीसीपी सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट रोहित राजबीर सिंह, IPS ने बताया कि पुलिस अब बरामद नशीले पदार्थ के सोर्स और पूरे सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। इस अवैध धंधे से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।